जनपद में राष्ट्रीय साक्षरता मिशन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न

निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। जनपद में राष्ट्रीय साक्षरता मिशन (एनआईएलपी) परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह परीक्षा जिले के 15 ब्लॉक और एक नगर क्षेत्र में आयोजित की गई। परीक्षा के लिए कुल 7814 अभ्यर्थियों ने नामांकन कराया था, जिनमें से 5902 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। उपस्थित परीक्षार्थियों में 3918 महिलाएँ तथा 1984 पुरुष शामिल रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं। प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने परीक्षा के सफल संचालन में पूरा सहयोग दिया। इस दौरान निदेशक साक्षरता द्वारा जनपद के कई विद्यालयों में पहुँचकर औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा संचालन और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ दीं और परीक्षा आयोजन तथा निरीक्षण कार्य में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।