गैंगस्टर एक्ट के दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पास से अवैध तमंचा बरामद
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी | जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना जहांगीराबाद पुलिस टीम ने यूपी गैंगस्टर एक्ट से संबंधित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विनय कुमार सोनी (निवासी ग्राम बाबाकुटिया, थाना बड्डूपुर) और मनोज कुमार (निवासी ग्राम अटवा, थाना जहांगीराबाद) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मनोज कुमार के कब्जे से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है। अभियुक्त मनोज कुमार पर जनपद के विभिन्न थानों में 11 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि विनय कुमार पर 4 मुकदमे पंजीकृत हैं। भीषण गर्मी और चयन वेतनमान में देरी पर शिक्षक संघ ने उठाई आवाज बाराबंकी | उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, बाराबंकी ने दो प्रमुख मुद्दों—भीषण गर्मी में विद्यालय समय परिवर्तन और चयन वेतनमान निर्धारण में हो रही देरी—को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। संघ का कहना है कि भीषण गर्मी और लू के कारण विद्यालय आने वाले छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। दोपहर की तेज धूप में बच्चों को काफी परेशानी होती है, जिससे उनके बीमार होने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में संघ ने विद्यालयों का समय सुबह 07:30 बजे से 12:00 बजे तक करने की मांग की है। इसके अलावा चयन वेतनमान निर्धारण में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई गई। संघ के अनुसार सभी आवश्यक पत्रावलियां उपलब्ध कराने के बावजूद प्रक्रिया लंबित है और अनावश्यक आपत्तियां लगाई जा रही हैं। ऑनलाइन व्यवस्था होने के बावजूद सर्विस बुक की प्रिंट कॉपी मांगे जाने पर भी आपत्ति जताई गई है। संघ ने प्रशासन से मांग की है कि दोनों ही मामलों में शीघ्र निर्णय लेते हुए विद्यालय समय में परिवर्तन किया जाए और चयन वेतनमान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला कोषाध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव, जिला मंत्री उमानाथ मिश्र, आईटी सेल (मीडिया) प्रभारी दिलीप तिवारी, मीडिया प्रभारी जय कुमार, जिला उपाध्यक्ष श्याम किशोर बाजपेई, बनीकोडर अध्यक्ष राजेश सिंह, रवि प्रताप भदौरिया, दीपू यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।









