गन्ना संस्थान परिसर में किसानों का धरना, 8 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट के जिलाध्यक्ष विक्रांत सैनी की अगुवाई में किसानों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर शहर स्थित गन्ना संस्थान परिसर में धरना प्रदर्शन किया और नायब तहसीलदार को 8 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। जिलाध्यक्ष विक्रांत सैनी ने बताया कि पूर्व में दिए गए मांग पत्रों पर अब तक कोई समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में हार्ट के डॉक्टर की कमी के कारण आए दिन मरीजों की जान जा रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। जिला उपाध्यक्ष शिव मोहन वर्मा ने आरोप लगाया कि त्रिवेदीगंज अस्पताल में डॉक्टर मरीजों को देखने के बजाय फोन पर व्यस्त रहते हैं, ऐसे में उनकी जगह नई तैनाती की जानी चाहिए। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष ज्ञानवती ने देवां सीएचसी में एक स्वास्थ्य कर्मी पर जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया। जिला महासचिव अरविंद यादव ने नगर कोतवाली क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि डंपरों के संचालन से धूल-मिट्टी फैल रही है और रास्ते बाधित हो रहे हैं, जिससे आम लोगों, किसानों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। धरना स्थल पर पहुंचे नायब तहसीलदार राजीव कुमार ने किसानों को आश्वस्त करते हुए मांग पत्र स्वीकार किया और कहा कि अवैध खनन को तत्काल बंद कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्रवाई की जाएगी। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द निस्तारण नहीं हुआ तो आगामी 12 मई को मुख्यमंत्री आवास पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विक्रांत सैनी, फूलचंद यादव, जैद अंसारी, मनोज कुमार, जगन्नाथ वर्मा, रवि गौतम, दीपू यादव, रामानंद यादव, राजू खान, शहाबुद्दीन अंसारी सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।









