काली पट्टी बांधकर शिक्षकों-कर्मचारियों का विरोध, OPS बहाली की मांग तेज
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। अटेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर शिक्षकों और कर्मचारियों ने नई पेंशन व्यवस्था (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के विरोध में एकजुट होकर आवाज उठाई। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करने की मांग की। किसान इंटर कॉलेज भगौली तीर्थ में प्रधानाचार्य डॉ. शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में शिक्षक, शिक्षिकाएं और कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। इसी क्रम में फतेहपुर स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र और कंपोजिट विद्यालय रेचनदमऊ के शिक्षकों ने भी काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने कहा कि नई पेंशन व्यवस्था उनके भविष्य को असुरक्षित बनाती है, जबकि पुरानी पेंशन योजना सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक स्थिरता प्रदान करती थी। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द OPS लागू करने की मांग की। शिक्षकों और कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष उनके अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए है।









