कानपुर देहात के अखिल द्विवेदी ने शास्त्री परीक्षा में लहराया परचम, 82% अंकों के साथ हासिल की शानदार सफलता

कानपुर देहात के अखिल द्विवेदी ने शास्त्री परीक्षा में लहराया परचम, 82% अंकों के साथ हासिल की शानदार सफलता

निष्पक्ष जन अवलोकन।

अंकित तिवारी।

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की शास्त्री परीक्षा में कानपुर देहात के होनहार छात्र अखिल द्विवेदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अखिल ने शास्त्री छठवें सेमेस्टर की परीक्षा में 3600 पूर्णांक में से 2994 अंक प्राप्त कर 82 प्रतिशत अंक हासिल किए और विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया। अखिल कुमार अकबरपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम करसा के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गुरुजन, साथी छात्र और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। परिजनों के अनुसार, अखिल की बचपन से ही संस्कृत और साहित्य विषय में विशेष रुचि रही है। उनका मानना है कि संस्कृत केवल एक प्राचीन भाषा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता की मूल आधारशिला भी है। उनका कहना है कि संस्कृत से ही संस्कृति का जन्म हुआ है, इसलिए इसके संरक्षण और प्रचार-प्रसार के साथ इसे शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक रूप से अपनाने की आवश्यकता है। प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद अखिल ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया, जहां उन्होंने लगातार मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया। व्याकरण विषय में अपनी विशेष प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अखिल ने विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट स्थान अर्जित किया। अपनी सफलता पर अखिल ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और उनके आशीर्वाद को दिया। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अखिल की मेहनत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।