एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने किया टिकैतनगर थाना, वारिन बाग चौकी एवं मिशन शक्ति कार्यालय के नव निर्मित भवनों का लोकार्पण
निष्पक्ष जन अवलोकन। रत्नाकर पांडेय।
टिकैतनगर, बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शनिवार को थाना टिकैतनगर पहुंचकर नव निर्मित थाना भवन, वारिन बाग चौकी भवन एवं मिशन शक्ति कार्यालय का लोकार्पण किया। उनके आगमन पर अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी रामसनेहीघाट जटाशंकर मिश्रा तथा थाना प्रभारी टिकैतनगर मनोज कुमार ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फीता काटकर नवीन भवनों का उद्घाटन किया तथा परिसर का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग, जनसुनवाई एवं महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इन भवनों से पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा तथा आमजन को पुलिस सेवाओं का लाभ और अधिक सुगमता से प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने चौकीदारों को अपने हाथों से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने थाना परिसर में आम का पौधा रोपित किया। अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी जटाशंकर मिश्रा ने भी वृक्षारोपण कर हरित वातावरण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी असंद्रा, थाना प्रभारी दरियाबाद धर्मेंद्र सिंह, थाना प्रभारी टिकैतनगर मनोज कुमार, एसएसआई बृजेश सिंह, उपनिरीक्षक रूपेश कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी अमित कुमार, विमल कुमार, सुधीर मिश्रा, जयचंद सिंह, चौकी इंचार्ज वारिन बाग शिव सिंह कुशवाहा, सिपाही सुनील दीवान, प्रांशु, आलोक मिश्रा, सुनील सिंह, अनिल सिंह, पूनम पटेल सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, चौकीदार एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उद्घाटन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनता को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।









