ईद और नवरात्रि के मद्देनजर नगर पंचायत ने चलाया युद्ध स्तर पर सफाई अभियान
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। आगामी ईद और नवरात्रि पर्व को देखते हुए नगर पंचायत द्वारा कस्बे के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर युद्ध स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सोमवार को नगर पंचायत की टीम ने ईदगाह परिसर, शक्ति धाम महादेव तालाब मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई कराई, ताकि श्रद्धालुओं और नमाजियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। सफाई कर्मचारियों ने ईदगाह और मंदिर परिसर से कूड़ा-कचरा हटाया तथा नालियों की सफाई कर जलभराव की समस्या को दूर किया। इसके साथ ही ईदगाह और मंदिर जाने वाले मुख्य मार्गों व आसपास की सड़कों की भी सफाई कराई गई, जिससे लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी संध्या मिश्रा ने बताया कि ईद और नवरात्रि के अवसर पर नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई व्यवस्था कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से भी नगर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।









