इंडियन फार्मर कान्वेंट इंटर कॉलेज का 27वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न

इंडियन फार्मर कान्वेंट इंटर कॉलेज का 27वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न

निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी): इंडियन फार्मर कान्वेंट इंटर कॉलेज, बड्डूपुर का 27वां वार्षिकोत्सव मंगलवार को बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आदर्श पटेल (सचिव, उत्तर प्रदेश कांग्रेस), विशिष्ट अतिथि मोहम्मद अशफाक (एडवोकेट एवं सदस्य जिला पंचायत) तथा विद्यालय प्रबंधक मनोज कुमार मयंक द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आदर्श पटेल ने कहा कि वार्षिकोत्सव जैसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधक मनोज कुमार मयंक ने बताया कि विद्यालय द्वारा 50 गरीब बच्चों को कक्षा केजी से इंटरमीडिएट तक निशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही उनके अन्य आवश्यक खर्चों का वहन भी विद्यालय द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना ही विद्यालय का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने गणेश वंदना, सरस्वती वंदना, ‘तेरी वीणा की बन जाऊं तान’ तथा ‘मीठे रस से भरियो री राधा रानी लागे महारानी लागे’ जैसे गीतों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा राधा-कृष्ण नृत्य, बिरहा गीत, वृद्धाश्रम पर आधारित नाटक, कॉमेडी, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन कवि संजय सांवरा ने किया। इस अवसर पर बच्चा सिंह (प्रधानाचार्य, एमएसडी इंटर कॉलेज सेमरी), अतुल वर्मा (उपविजेता अध्यक्ष, नगर पालिका महमूदाबाद), कमाल अहमद, अभय सिंह, अशोक कुमार विश्वास, मोहम्मद शब्बीर, परशुराम वर्मा, रमेश चंद्र गौतम, रमेश चंद्र वर्मा, संजय कुमार प्रधान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।