आवारा कुत्ते के हमले में मासूम गंभीर घायल चेहरे पर 40 टांके, जिला अस्पताल रेफर
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के ररिया गाँव में एक आवारा कुत्ते ने आठ वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची के चेहरे पर गहरे घाव आए, जिन पर करीब 40 टांके लगाए गए हैं। उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना उस समय हुई जब अबरार अहमद की पुत्री मिस्बाह खातून घर के बाहर खेल रही थी। तभी कुत्ते ने अचानक हमला कर उसके चेहरे को जबड़ों में जकड़ लिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने किसी तरह बच्ची को बचाया। पहले उसे निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां टांके लगाने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां एंटी-रेबीज इंजेक्शन देने के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने कुत्ते को मार डाला। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है। बताया गया कि यह कुत्ता बीते एक सप्ताह में कई लोगों और पशुओं पर हमला कर चुका था।









