आधी रात का कहर: छत से घुसे बदमाश, परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती

आधी रात का कहर: छत से घुसे बदमाश, परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती

निष्पक्ष जन अवलोकन

राहुल शर्मा 

मथुरा जनपद के थाना सुरीर क्षेत्र अंतर्गत टेट्टीगाँव स्थित नगला हरिया रोड पर गुरुवार-शुक्रवार की मध्य रात्रि एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई। हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया। पीड़ित अजय अग्रवाल पुत्र प्रेम प्रकाश अग्रवाल, जो दूध, पेप्सी, परचून व नमकीन की एजेंसी का कार्य करते हैं, के घर को बदमाशों ने निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार करीब पांच तमंचाधारी बदमाश पीछे से छत पर चढ़कर आँगन में लगे जाल के सहारे नीचे उतरे और झीने का दरवाजा खोलकर घर के अंदर प्रवेश कर गए। घर में सो रहे अजय अग्रवाल, उनके वृद्ध पिता, पत्नी व बेटी—चारों को बदमाशों ने बंधक बना लिया। बदमाशों ने रात करीब 12:30 बजे से 2:45 बजे तक परिवार के साथ मारपीट करते हुए उन्हें चारपाई से बांध दिया और आराम से घर में लूटपाट करते रहे। बदमाश लगभग 3 लाख 22 हजार रुपये नकद, लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, दो मोबाइल फोन तथा सीसीटीवी कैमरे की डीवीडी अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी रास्ते से फरार हो गए, जिससे वे घर में दाखिल हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही क्षेत्राधिकारी मांट संदीप कुमार सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत सहित तीन थानों की पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।