अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की घटना की पूर्व सांसद पी.एल. पुनिया ने की निंदा, नई प्रतिमा स्थापित

निष्पक्ष जन अवलोकन बाराबंकी। निंदूरा ब्लॉक के ग्रामसभा खरहानी के मजरा अन्नीपुरवा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने पर पूर्व सांसद पी.एल. पुनिया ने कड़ी निंदा की। वह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि यह घटना संकीर्ण मानसिकता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज में अफवाह फैलाकर विभाजन की स्थिति पैदा करने का प्रयास करते हैं। पूर्व सांसद ने प्रशासन से मांग की कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नई प्रतिमा मंगवाकर पूर्व सांसद पी.एल. पुनिया और ग्रामवासियों के सहयोग से पुनः स्थापित कराई। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने पूर्व सांसद का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मोहम्मद आमिर, अय्यूब किद्वई, मोहम्मद शरीफ, राजेश वर्मा, कंधई, राजेंद्र गौतम, शंकर लाल गौतम, बब्लू गौतम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।