हाईस्कूल परीक्षा देने जा रही छात्राओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, एक की मौत
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के उफरौली के पास भीषण हादसा, चालक फरार
निष्पक्ष जन अवलोकन | रत्नाकर पांडे
टिकैतनगर (बाराबंकी)। थाना टिकैतनगर क्षेत्र के उफरौली गांव के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल परीक्षा देने जा रहीं छात्राओं को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक छात्रा की पहचान कामिनी रावत के रूप में हुई है, जिसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं जनसी वर्मा का हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि बाइक चला रहे अभिषेक वर्मा के मुंह में गंभीर चोट आई है। तीनों सुबह करीब 7:30 बजे हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए टिकैतनगर जा रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बगल के किसी गांव की थी, जिस पर टेंट का सामान लदा हुआ था।
घायल छात्रा जनसी वर्मा के अनुसार, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के दौरान बाइक सवार ने आगे निकलने का प्रयास किया, इसी बीच भयंकर टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार और दोनों छात्राएं सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। परीक्षा देने जा रही छात्रा की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।