सेवानिवृत्त शिक्षक अलंकरण समारोह व शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन

सेवानिवृत्त शिक्षक अलंकरण समारोह व शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी का आयोजन

निष्पक्ष जन अवलोकन | बाराबंकी। शिक्षक समाज का वह दर्पण है जो कभी भी अपनी जिम्मेदारियों से दूर नहीं हो सकता। शिक्षक ही समाज की आधारशिला होता है। एक शिक्षक अपने जीवन के अंत तक मार्गदर्शक की भूमिका निभाता है और समाज को सही राह दिखाता रहता है, तभी शिक्षक को समाज में उच्च दर्जा दिया जाता है। उक्त विचार रविवार को ग्राम बघौरा में शिक्षक भगवती प्रसाद वर्मा के प्रतिष्ठान पर आयोजित सेवानिवृत्त शिक्षक अलंकरण समारोह एवं शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी तथा होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ब्रजेश दीक्षित ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शिक्षक परिवार एक ऐसा सामाजिक परिवार है जो हमेशा समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व भाजपा प्रत्याशी अंबरीश रावत ने कहा कि उनका सहयोग हमेशा सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर वे कंधे से कंधा मिलाकर शिक्षकों का साथ देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संगठन के जिलाध्यक्ष रूप नारायण वैसवार ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ किसी प्रकार का शोषण या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शिक्षक वर्ग को मेहनती और समाज के पालक वर्ग के रूप में बताते हुए कहा कि समाज निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है, जिसकी जिम्मेदारी सभी को समझनी होगी। साथ ही उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों से संगठित रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक कल्याण परिषद शिक्षा क्षेत्र मसौली एवं सिरौलीगौसपुर के संयुक्त संयोजक ओमप्रकाश वर्मा और प्रेमनारायण वर्मा ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को अंगवस्त्र, डायरी और माला पहनाकर उनका सम्मान किया।