समावेशी शिक्षा पर 5 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

समावेशी शिक्षा पर 5 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

अजय रावत सिरौलीगौसपुर बाराबंकी। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा कार्यक्रम के तहत जनपद बाराबंकी में दिव्यांग बच्चों के समावेशी शिक्षा हेतु परिषदीय विद्यालयों के सहायक अध्यापकों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण कंपोजिट विद्यालय, परसा सिरौलीगौसपुर में खंड शिक्षा अधिकारी फिजा मिर्जा के निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य संदर्भदाता के रूप में संतोष भारती की उपस्थिति रही। संदर्भदाता शिवम वर्मा एवं नीरज मिश्रा ने दृष्टि दिव्यांग बच्चों के लिए समावेशी वातावरण, दैनिक क्रियाकलाप, गतिशीलता, ब्रेल लिपि, पठन-लेखन एवं सुगम्य छड़ी के उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं नीरज मिश्रा ने श्रवण एवं वाक दिव्यांग बच्चों के लिए श्रवण यंत्र की उपयोगिता, सांकेतिक भाषा तथा शीघ्र हस्तक्षेप के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उनके समुचित समावेशन पर बल दिया। संदर्भदाता सवितानंद मिश्र ने दिव्यांगता के कारणों की पहचान एवं निवारण के साथ बौद्धिक दिव्यांगता के समावेशन पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के मुख्य संदर्भदाता संतोष भारती ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए शिक्षकों से अपील की कि विद्यालयों में अध्ययनरत सभी बच्चों के साथ बिना किसी भेदभाव के समावेशी शिक्षा को बढ़ावा दें। प्रशिक्षण में नवीन कुमार मिश्रा, दिलीप तिवारी, रुद्र प्रताप पाण्डेय, अर्चना मिश्रा, कंचन सिंह, शेखर रस्तोगी, पीयूष कुमार, आशीष गौरव, अंजू मौर्य, सुधा गुप्ता, शीतल सिंह, शिप्रा रानी, संचिता चक्रवर्ती, दिलावर, विनोद कुमार, पवन कुमार, रुचि गुप्ता, रिंकी मिश्रा, अनिल सिंह सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।