समावेशी शिक्षा के अंतर्गत सहायक अध्यापकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
निष्पक्ष जन अवलोकन | योगेश जायसवाल
त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। समावेशी शिक्षा के अंतर्गत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन एवं खंड शिक्षा अधिकारी त्रिवेदीगंज के मार्गदर्शन में बीआरसी त्रिवेदीगंज पर सहायक अध्यापकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष शिक्षक अनामिका जायसवाल, ओम प्रकाश तथा सलीमुद्दीन द्वारा शिक्षकों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। मास्टर ट्रेनर अनामिका जायसवाल ने दिव्यांगता के कारण, प्रकार और निवारण के साथ-साथ बेसिक शिक्षा के अंतर्गत संचालित प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समावेशी शिक्षा का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को भी सामान्य बच्चों के साथ समान अवसर प्रदान करना है।
कार्यशाला के दौरान विभागीय कैंप, सहायक उपकरणों की उपलब्धता, दैनिक क्रिया कौशल तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रशिक्षुओं को दी गई। साथ ही प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें दिव्यांग बच्चों के शिक्षण से संबंधित सकारात्मक सुझाव भी दिए गए।
विशेष शिक्षक सलीमुद्दीन ने श्रवण बाधित बच्चों की शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी देते हुए साइन लैंग्वेज, एलिम्को कैंप, स्टाइपेंड तथा एस्कॉर्ट सुविधा के बारे में विस्तार से बताया।
खंड शिक्षा अधिकारी रामनारायण ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांग बच्चों के साथ संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करना और उन्हें सामाजिक व शैक्षिक रूप से मुख्यधारा में शामिल करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि दिव्यांग बच्चों के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राम यश विक्रम, जगदीश प्रसाद, राजेश कुमार, हेमंत कुमार, गरिमा त्रिपाठी, फूलचंद गुप्ता, अमर बहादुर सिंह, प्रतिभा त्रिपाठी, प्रतिमा त्रिपाठी, अमित कुमार पांडेय, शिवराज सिंह शाक्य, सुनील कुमार सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे और प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।









