विहिप व बजरंग दल का प्रदर्शन, पटेल तिराहे पर पुतला दहन कर सौंपा ज्ञापन
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध प्रदर्शन करते हुए पटेल तिराहे पर पुतला दहन किया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा। जुलूस लाजपत नगर स्थित श्री राम जानकी मंदिर परिसर से शुरू होकर कोतवाली के सामने से होते हुए पटेल तिराहे पहुंचा, जहां नारेबाजी के बीच पुतला फूंका गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ज्ञापन में संगठन पदाधिकारियों ने देश में बढ़ती सामाजिक चुनौतियों, अवैध कब्जों और जबरन धर्मांतरण जैसी गतिविधियों पर चिंता जताई। उन्होंने इन मामलों में तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया। इस दौरान विभाग संगठन मंत्री इन्द्रेश कुमार, जिला मंत्री राहुल कुमार, जिला संयोजक राहुल विक्रम सिंह और सह संयोजक तुषार तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। विरोध प्रदर्शन के दौरान नगर कोतवाली पुलिस बल के साथ क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।









