रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
निष्पक्ष जन अवलोकन
नूर मोहम्मद
मसौली बाराबंकी। बूढ़े मां-बाप एवं परिवार की परवरिश के लिए प्रदेश कमाने गए युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव रेलवे ट्रैक पर मिलने की सूचना से घर-परिवार और गांव में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर निवासी पूर्व प्रधान का पुत्र था, जो मध्य प्रदेश में एक रेलवे ठेकेदार के साथ काम करता था। बताते चलें कि मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर निवासी पूर्व प्रधान जगदीश यादव का 31 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार बीते एक वर्ष से रेलवे ठेकेदार के साथ कटनी (मध्य प्रदेश) में कार्यरत था। गत 31 मार्च को वह चित्रकूट एक्सप्रेस से घर के लिए निकला था। रात करीब 10 बजे उसकी परिजनों से अंतिम बार मोबाइल पर बात हुई, जिसमें वह काफी घबराया हुआ था। उसने बताया कि “मेरा किसी ने वीडियो बना लिया है और मेरी जान को खतरा है।” इसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला।
अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने रेलवे ठेकेदार से जानकारी ली, जिसने बताया कि अरुण कुमार को चित्रकूट एक्सप्रेस में बैठा दिया गया था और वह घर के लिए रवाना हो चुका है। कटनी रेलवे स्टेशन से लखनऊ जंक्शन तक चित्रकूट एक्सप्रेस को पहुंचने में लगभग 11 घंटे 20 मिनट का समय लगता है। ट्रेन रात 10 बजे कटनी से चलकर सुबह 9:20 बजे लखनऊ पहुंचती है। ऐसे में सवाल उठता है कि कटनी से चला अरुण कुमार लखनऊ पहुंचा भी या नहीं। बताया जा रहा है कि उसके मोबाइल की अंतिम लोकेशन गुरुवार सुबह करीब 8 बजे तक सक्रिय थी। इसी बीच उसी दिन अरुण कुमार का शव कटनी रेलवे स्टेशन के पास ही ट्रैक पर पड़ा मिला, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। घटना के बाद से परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है। पत्नी, दो बच्चों और बूढ़े मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन शव लेने के लिए कटनी (मध्य प्रदेश) रवाना हो गए हैं।









