रामनवमी मेले के समापन पर विराट कवि सम्मेलन का आयोजन
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल बेलहरा बाराबंकी नगर पंचायत बेलहरा में चैत्र रामनवमी के उपलक्ष्य में चल रहे सात दिवसीय मेले के अंतिम दिन विराट कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अवधेश सिंह ने की, जबकि मंच संचालन गीतकार संजय सांवरा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कानपुर से पधारी कवयित्री अंकिता शुक्ला की सरस्वती वंदना से हुआ। ओज कवि डॉ. अम्बरीष अंबर ने स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को अपनी ओजपूर्ण कविता के माध्यम से श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय चिंतन के कवि एवं संयोजक डॉ. ओ.पी. वर्मा ‘ओम’ ने शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए भावपूर्ण रचना प्रस्तुत की। वहीं व्यंग्यकार अनिल श्रीवास्तव ‘लल्लू’ ने समसामयिक मुद्दों पर तीखे व्यंग्य सुनाकर श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। अलीगढ़ से आए कवि वेद प्रकाश माली तथा राजस्थान के हास्य कवि जयकुमार जय और रघुनाथ ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीतकार संजय सांवरा ने अपने गीतों से समा बांध दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फिल्म डायरेक्टर सैम खान ने सभी कवियों को सम्मानित किया और अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन दिलों की दूरियां मिटाकर आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि हम भले ही अलग-अलग धर्मों से हों, लेकिन विदेशों में हमारी पहचान केवल भारतीय के रूप में होती है। कार्यक्रम के दौरान देर रात तक श्रोताओं की भारी भीड़ बनी रही और तालियों की गूंज से पूरा पंडाल गूंजता रहा। कवियों की प्रस्तुतियों पर लोगों ने जमकर सराहना की और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। अंत में अध्यक्ष अवधेश सिंह ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान समिति अध्यक्ष द्वारा सभी अतिथियों एवं साहित्यकारों को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मनोज जैन, लकी जायसवाल, नीरज निगम, रमेश मौर्य, मोहम्मद आसिफ सहित बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे।









