मुर्गा फार्म के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवक गंभीर घायल
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के ग्राम खाली नगर स्थित एक मुर्गा फार्म के पास शनिवार सुबह करीब 10 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दोनों बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान पकरियापुर निवासी 28 वर्षीय विवेक पुत्र राधेलाल तथा 35 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र किशन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विवेक सुबह दूध देने के लिए घर से निकले थे, जबकि वीरेंद्र बिलौली बाजार से अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही दोनों खाली नगर के पास मुर्गा फार्म के समीप पहुंचे, तभी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद विवेक की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, वीरेंद्र का इलाज फतेहपुर सीएचसी में जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।









