मिलावटी खाद्य पर छापेमारी, नमूने जांच को भेजे
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए इसरोली गांव स्थित फहीम किराना स्टोर और कमरुद्दीन किराना स्टोर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकानों पर रखे विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। जांच में कुछ खाद्य सामग्री संदिग्ध पाए जाने पर उनके नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। खाद्य निरीक्षक डॉ. अंकिता यादव ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी से क्षेत्र के अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया। खाद्य विभाग ने साफ किया है कि मिलावटखोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोगों से संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना देने की अपील की है।









