मसौली में सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित लाइवलीहुड कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को पंचायत भवन कोला गहबड़ी में एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत सिलाई प्रशिक्षण कोर्स का शुभारंभ किया गया। लाइवलीहुड कोऑर्डिनेटर दीपक यादव ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को उनकी पहचान, आत्मविश्वास और आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए महिलाओं को बाजार की वर्तमान मांग के अनुरूप कौशल विकसित कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और परिवार व समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान बंशीलाल और पंचायत सहायक रूपेश कुमार का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। वहीं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से फैजान खान, अभय सिंह, सीमा देवी एवं मास्टर ट्रेनर काजोल गुप्ता सहित अन्य टीम सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।









