मसौली में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का संदेश

मसौली में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का संदेश

निष्पक्ष जन अवलोकन रिपोर्ट: नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14–15 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाना सबसे प्रभावी उपाय है। यह टीका गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर के लगभग 90 प्रतिशत मामलों को रोकने में सक्षम है। यह बातें शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधेश्याम गौड़ ने कही। उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर, जननांग मस्से तथा अन्य संबंधित कैंसर से भी सुरक्षा प्रदान करती है। डॉ. गौड़ ने कहा कि महिलाओं में बढ़ते गर्भाशय कैंसर के खतरे को देखते हुए यह अभियान एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि गर्भाशय कैंसर एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है, लेकिन समय पर टीकाकरण और जागरूकता के माध्यम से इससे बचाव संभव है। अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को प्राथमिकता के आधार पर टीका लगाया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्यकर्मी अभिभावकों को जागरूक करने और किशोरियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने का कार्य भी करेंगे। इस मौके पर एएनएम लक्ष्मी देवी ने 14 वर्ष की एक किशोरी को एचपीवी वैक्सीन लगाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।