मंड़ाई सीजन को लेकर प्रशासन सतर्क, ईंधन की कमी की अफवाहों पर विराम

निष्पक्ष जन अवलोकन रामबाबू मिश्रा रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। आगामी दिनों में गेहूं की कटाई और मंड़ाई को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। डीजल-पेट्रोल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच शनिवार को एसडीएम अनुराग सिंह ने तहसील सभागार में पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि ईरान युद्ध को लेकर एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कमी की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं। इन अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है और किसान अतिरिक्त डीजल भंडारण कर रहे हैं, जिससे कृत्रिम अभाव की स्थिति बन रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद में ईंधन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने पंप संचालकों को पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मंड़ाई के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही पूर्ति निरीक्षक मनीष श्रीवास्तव को अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।