भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, कार-डंपर टक्कर में युवक गंभीर
निष्पक्ष जन अवलोकन रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मोहम्मदपुर उपाध्याय गांव के पास कार और तेज रफ्तार डंपर की आमने-सामने टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि साथ में मौजूद महिला भी चोटिल हो गई। जानकारी के अनुसार, दर्शन नगर (अयोध्या) निवासी मनीष पुत्र महेश अपनी कार से हैदरगढ़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह रामसनेहीघाट क्षेत्र के मोहम्मदपुर उपाध्याय गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में मनीष गंभीर रूप से घायल होकर कार में ही फंस गए, जबकि उनके साथ बैठी मंजू भी घायल हो गईं। आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली रामसनेहीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मनीष की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।









