भाजपा स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने लिया राष्ट्रहित में सेवा का संकल्प

निष्पक्ष जन अवलोकन फतेहपुर, बाराबंकी। कस्बे के महादेव तालाब के निकट स्थित भाजपा विधायक साकेंन्द्र प्रताप वर्मा के जन सहयोग केंद्र पर पार्टी का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता, पदाधिकारी व समर्थक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को स्मरण किया। विधायक साकेंन्द्र प्रताप वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने इसका श्रेय पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं और उसके सिद्धांतों को दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम में अन्य नेताओं ने भी पार्टी की नीतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार रखे तथा संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। अंत में सभी ने राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।