भटुवामऊ निवासी मेवालाल का हृदयघात से निधन, क्षेत्र में शोक की लहर अंतिम संस्कार में उमड़ी भीड़, समाज के लिए अपूरणीय क्षति
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर पंचायत क्षेत्र के भटुवामऊ निवासी 77 वर्षीय मेवालाल का हृदयघात से असामयिक निधन हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मेवालाल पूर्व प्रधानमंत्री के कार्यकाल से ही भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे थे। वे अपनी धार्मिक अभिरुचि और सकारात्मक मार्गदर्शन के लिए क्षेत्र में विशेष रूप से जाने जाते थे। कल शाम अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, गोमतीनगर ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आज उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव भटुवामऊ लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद दोपहर में गांव के श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के विभाग संयोजक ब्रह्म प्रकाश दीक्षित, वरिष्ठ पत्रकार विजय राम जायसवाल, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला महामंत्री दीपक सिंह, कांस्टेबल श्रवण सिंह, चैतन्य सोनी, भाजपा नेता देवेंद्र मौर्य, नामित सभासद सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। मेवालाल अपने पीछे तीन पुत्रों और पौत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए। उनके छोटे पुत्र ज्ञान सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उन्होंने सदैव धार्मिक ग्रंथों के ज्ञान के माध्यम से लोगों को सही मार्ग दिखाने का कार्य किया।









