(01बीडीएन-51) तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, चाट विक्रेता की मौत, एक गंभीर
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाइवे पर रविवार की दोपहर विधायक आशुतोष मौर्य के पैट्रोल पंप के निकट एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चाट विक्रेता की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नगर के मोहल्ला संख्या एक निवासी मोनू (19) पुत्र प्रेमपाल और लालाराम बाइक से गांव खैरी की ओर से अपने घर को लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक पैट्रोल पंप के निकट पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जमा हुए लोगों ने पुलिस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए राजकीय मेडीकल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार रास्ते में मोनू ने दम तोड़ दिया, जबकि लालाराम की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि मोनू तहसील गेट पर अपना चाट-पकौड़ी का ठेला लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य ने बताया कि पिकअप गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।