फतेहपुर में विवाहिता पर बेरहमी से हमला, पति व नाबालिग सौतेले पुत्र पर केस दर्ज

निष्पक्ष जन अवलोकन फतेहपुर (बाराबंकी) क्षेत्र में घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता को उसके पति और सौतेले नाबालिग पुत्र ने बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। कोतवाली फतेहपुर में दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़िता का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व ग्राम भदनेवा निवासी ध्यान सिंह पुत्र मुनेश्वर प्रसाद के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही पति द्वारा उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज और मारपीट आम बात हो गई थी। घटना शनिवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता अपने मायके वालों से फोन पर बात कर रही थी, तभी उसका पति वहां पहुंचा और बिना वजह गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसका सौतेला नाबालिग पुत्र भी वहां आ गया और उसने बेलचे से महिला के सिर पर वार कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। उसके सिर और हाथ में गहरी चोटें आईं। आरोप है कि घटना के बाद पति और पुत्र ने उसे जान से मारने की धमकी दी और घर से बाहर निकाल दिया। घायल अवस्था में महिला ने अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सोमवार को उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले गए, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति व अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।