प्रेमिका से शादी न होने पर युवक चढ़ा बीएसएनएल टावर, 2 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा

प्रेमिका से शादी न होने पर युवक चढ़ा बीएसएनएल टावर, 2 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। शादी न होने से आक्रोशित एक नवयुवक ने शहर के आवास विकास स्थित बीएसएनएल परिसर में लगे टावर पर चढ़कर जमकर हंगामा किया। स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन वह अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा रहा और टावर पर बैठकर रोता रहा। करीब दो घंटे तक चले इस हंगामे के बाद परिजनों के प्रयास से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। क्या है पूरा मामला जानकारी के अनुसार थाना देवा क्षेत्र के खनवा गांव निवासी 18 वर्षीय नितिन रावत का पड़ोसी गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर नितिन रविवार को आवास विकास पहुंचा और बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। टावर पर युवक को देख लोगों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर नगर कोतवाली पुलिस के साथ सीओ, एसडीएम, एसडीआरएफ टीम और अग्निशमन दल भी पहुंच गया। अधिकारियों ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमिका को बुलाने की मांग करता रहा। आखिरकार परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने युवती से बात कराई, जिसके बाद युवक शांत हुआ और शाम करीब 5 बजे टावर से नीचे उतर आया। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।