प्रेम प्रसंग में युवक की बेरहमी से हत्या, 24 घंटे में 4 आरोपी गिरफ्तार

प्रेम प्रसंग में युवक की बेरहमी से हत्या, 24 घंटे में 4 आरोपी गिरफ्तार

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चौखंडी के निकट 18 वर्षीय युवक की ईंट व डंडों से कुचलकर की गई निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर आलाकत्ल डंडा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। बताया जाता है कि शनिवार सुबह चौखंडी गांव के पास जलनिकासी नाले से एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान रामपुर कटरा निवासी मो. आसिफ पुत्र मो. वैस के रूप में हुई। मृतक के भाई वसीम की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मौके का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद स्वाट, सर्विलांस व सफदरगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मो. तौफीक पुत्र मो. अकील, मो. अकील पुत्र मो. खलील, शाहरुख पुत्र मो. कलीम और फैज पुत्र मो. मुबारक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी तौफीक का मृतक की बहन से मोबाइल पर बातचीत को लेकर विवाद चल रहा था। वहीं मृतक आसिफ का संबंध आरोपी शाहरुख व फैज की बहन से था, जिसे लेकर दोनों पक्षों में तनाव था। शुक्रवार को हुए विवाद के बाद आरोपियों ने आसिफ को मेला दिखाने के बहाने बुलाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर ईंट और डंडों से उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अदद डंडा और सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।