प्रभावी पैरवी व सजा सुनिश्चित कराने हेतु पुलिस अधीक्षक की गोष्ठी, कर्मियों को किया सम्मानित
निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रभावी पैरवी एवं सजा सुनिश्चित कराने हेतु पुलिसकर्मियों की गोष्ठी का आयोजन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय द्वारा पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में जनपद के मॉनिटरिंग सेल, न्यायालय पैरोकारों एवं कोर्ट मोहर्रिरों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान लंबित आपराधिक मामलों की प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने और जनपद में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि जघन्य अपराधों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराध (पॉक्सो एक्ट) तथा अन्य गंभीर मामलों में साक्ष्य एवं गवाहों को समयबद्ध तरीके से न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए। साथ ही सम्मन व वारंट की तामीली में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने तथा अभियोजन विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पैरवी की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। इसके उपरांत जनपद के विभिन्न थानों में तैनात न्यायालय पैरोकारों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन पैरोकारों ने ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के अंतर्गत गंभीर अपराधों में शामिल अभियुक्तों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।









