प्रधान के नाम पर अन्तोदय राशन कार्ड! नन्दरासी गांव में अनियमितता से ग्रामीणों में आक्रोश
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर बाराबंकी। क्षेत्र के ग्राम पंचायत नन्दरासी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन व्यवस्था) में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान रामनिवास के नाम पर अन्तोदय अन्न योजना के तहत राशन कार्ड जारी होने का आरोप लगने के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, उक्त अन्तोदय राशन कार्ड में कुल 3 यूनिट दर्ज हैं और इसका संचालन प्रधान की पत्नी उर्मिला देवी के नाम से किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अन्तोदय अन्न योजना का लाभ केवल अत्यंत गरीब, निराश्रित एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दिया जाता है। ऐसे में एक जनप्रतिनिधि के परिवार के नाम पर कार्ड जारी होना नियमों पर सवाल खड़ा करता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्राम प्रधान का परिवार आर्थिक रूप से सक्षम है और उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलना चाहिए था। इसके बावजूद नियमों को दरकिनार कर राशन कार्ड जारी किया गया, जिससे वास्तविक पात्र गरीब परिवारों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई है कि निष्पक्ष जांच होने पर अन्य अपात्र लाभार्थियों के नाम भी सामने आ सकते हैं। मामले के उजागर होने के बाद गांव में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही नहीं होगी, तो गरीबों के अधिकारों का हनन होता रहेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं खाद्य एवं रसद विभाग से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित राशन कार्ड को तत्काल निरस्त कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस प्रकरण पर क्या कदम उठाता है और क्या दोषियों पर कार्रवाई होती है।









