पूर्णिमा पर बाबा मस्तराम दास आश्रम में भव्य हवन-पूजन व भंडारा
निष्पक्ष जन अवलोकन राम लक्ष्मण बड्डूपुर (बाराबंकी): विकासखंड निंदूरा के ग्राम पंचायत बहरौली स्थित सुप्रसिद्ध बाबा मस्तराम दास आश्रम में गुरुवार को पूर्णिमा के अवसर पर हवन-पूजन एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ-साथ कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने आश्रम पहुंचकर माथा टेका और बाबा मस्तराम दास के जयकारे लगाए। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना से बाबा सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। इसी आस्था के चलते हर पूर्णिमा पर यहां हवन और भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर सीतापुर, बहराइच, गोंडा, कानपुर, लखीमपुर और लखनऊ सहित विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। दूरदराज से आए लोगों ने मेले में खरीदारी का भी आनंद लिया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कुर्सी पुलिस दल-बल के साथ मुस्तैद रही और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी। वहीं आश्रम समिति के सदस्य भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सहयोग के लिए सक्रिय रूप से तैनात रहे।









