परीक्षा देकर लौट रहे दो छात्रों से मारपीट, पुलिस ने शुरू की जांच
निष्पक्ष जन अवलोकन
बदायूं/बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या आठ निवासी दो छात्रों ने अपने साथ पढ़ने वाले साथियों पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़ितों ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक नगर के मोहल्ला संख्या आठ निवासी अनस ने बताया कि वह बुधवार को दोपहर को हाईस्कूल की परीक्षा देकर अपने साथी सुबनेश के साथ बाइक से नागरझूना से वापस बिल्सी लौट रहे थे। आरोप है कि बिल्सी-वजीरगंज मार्ग स्थित बांस बरौलिया गांव के पास उनके साथ पढ़ने वाले एक अन्य छात्र ने अचानक उनकी बाइक में हाथ मार दिया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में दोनों छात्र घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने उनके साथ मारपीट भी की। घटना के बाद दोनों छात्रों ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।