पटेल चौराहे पर फायर ब्रिगेड और डंपर की जोरदार टक्कर

पटेल चौराहे पर फायर ब्रिगेड और डंपर की जोरदार टक्कर

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। कस्बे में पटेल चौराहे पर बड्डूपुर क्षेत्र में लगी आग बुझाने जा रही फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मौरंग लदे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और फायर ब्रिगेड कर्मी सुरक्षित बच गए। हादसे से मचा हड़कंप, राहत कार्य में हुई देरी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए फायर ब्रिगेड गाड़ी को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फायर ब्रिगेड वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि बड्डूपुर क्षेत्र में लगी आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड टीम का समय पर पहुंचना बेहद जरूरी था, लेकिन इस हादसे के कारण राहत कार्य में कुछ देर की बाधा उत्पन्न हो गई।