निमंत्रण पत्र बांटने जा रहे चाचा की ट्रक से कुचलकर मौत, भतीजा गंभीर घायल

निमंत्रण पत्र बांटने जा रहे चाचा की ट्रक से कुचलकर मौत, भतीजा गंभीर घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 4 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से शादी के निमंत्रण पत्र बांटने जा रहे थे। जानकारी के अनुसार सीतापुर जनपद के महमूदाबाद क्षेत्र के भरहरमऊ गांव निवासी नसीर (40) अपने भतीजे अतीक (35) के साथ अतीक की बहन नसरीन की 25 मार्च को होने वाली शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के लिए घर से निकले थे। दोनों बेलहरा–महमूदाबाद मार्ग से होकर रिश्तेदारों के यहां कार्ड देने जा रहे थे। इसी दौरान मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के सेलुहामऊ गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नसीर ट्रक के पहिये के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अतीक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अतीक को एम्बुलेंस से फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक नसीर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में कई छोटे बच्चे हैं और वे घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है, क्योंकि जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां मातम पसर गया है। बेलहरा चौकी प्रभारी अरविंद कुमार पटेल ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।