नवीन शैक्षिक सत्र का शुभारंभ, बच्चों को वितरित की गईं निःशुल्क पुस्तकें
निष्पक्ष जन अवलोकन : नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। ग्राम पंचायत बड़ागांव में संचालित प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव प्रथम व द्वितीय में नवीन शैक्षिक सत्र का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार ने बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश के भविष्य निर्माता हैं और उन्हें बेहतर व उपयोगी शिक्षा दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रेरित किया कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, जिससे अपने माता-पिता, गांव और समाज का नाम रोशन कर सकें। नवीन सत्र के दूसरे दिन “स्कूल चलो अभियान” के तहत रैली भी निकाली गई, जिसके माध्यम से शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ बच्चों को निःशुल्क पुस्तकें वितरित की गईं। प्रधान प्रतिनिधि नूर मोहम्मद ने बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि एक बालिका के शिक्षित होने से दो घरों में शिक्षा का प्रकाश फैलता है, इसलिए बालिकाओं को अवश्य पढ़ाना चाहिए। इस मौके पर एआरपी आदित्य कुमार वर्मा, प्रधानाध्यापिका कहकंशा खातून, असफी किदवई, संजय श्रीवास्तव, सुनीता वर्मा, संतोष कुमार, एसएमसी अध्यक्ष नीतू, एजुकेटेड गर्ल्स के उदय कुमार वर्मा सहित अभिभावक व बच्चे उपस्थित रहे।









