नव निर्माण के 9 वर्ष: बाराबंकी में पीएम किसान सम्मान निधि से 5.84 लाख किसानों को सीधा लाभ

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी, 22 मार्च। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते नौ वर्षों में किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लगातार प्रयास किया गया है। इसी क्रम में केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ने किसानों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाया है। बाराबंकी जिले में अब तक कुल 5,84,304 किसानों को इस योजना का सीधा लाभ मिला है। तीन किश्तों में मिलते हैं छह हजार रुपये यह योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके तहत पात्र किसान परिवारों को प्रति वर्ष 6,000 रुपये (तीन किश्तों में 2,000-2,000 रुपये) दिए जाते हैं। अप्रैल 2017 से मार्च 2026 तक किसानों के खातों में करोड़ों रुपये की धनराशि सीधे ट्रांसफर की गई है। समय-समय पर सत्यापन के बाद लाभार्थियों की संख्या में स्थिरता आई, लेकिन योजना का लाभ निरंतर जारी रहा। किसानों का कहना है कि इस राशि से खाद, बीज, सिंचाई सहित अन्य कृषि जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली है, जिससे उनकी फसल उत्पादन और आय में वृद्धि हुई है। इस योजना ने न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि उनके जीवन में आत्मविश्वास और सम्मान भी बढ़ाया है। जिले में दिखा सकारात्मक प्रभाव जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के अनुसार, बाराबंकी में योजना का व्यापक प्रभाव देखने को मिला है। लाखों किसानों के लाभान्वित होने से जिले की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से किसानों को निरंतर सहायता मिल रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित हो रही है।