नगर विकास कार्यों की समीक्षा में डीएम सख्त, लापरवाही पर जताई नाराजगी

नगर विकास कार्यों की समीक्षा में डीएम सख्त, लापरवाही पर जताई नाराजगी

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में नगर विकास विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों की कार्यप्रगति, राजस्व वसूली, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, तालाबों के संरक्षण एवं विभिन्न विकास योजनाओं की स्थिति पर गहन चर्चा की गई। राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लक्ष्य के सापेक्ष कम प्राप्ति वाले नगर निकायों—नगर पंचायत बंकी, देवा, जैदपुर व सतरिख—पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए अभी से ठोस प्रयास किए जाएं। उन्होंने नगर निकायों को आय बढ़ाने हेतु नवीन स्रोत विकसित करने और नवाचार अपनाने के निर्देश भी दिए। तालाबों के मत्स्य पालन हेतु आवंटन की प्रगति की समीक्षा में भी कम प्रगति पर जिलाधिकारी ने असंतोष जताया। अतिक्रमण नियंत्रण को लेकर निर्देश दिया गया कि प्रत्येक नगर निकाय में सप्ताह में एक दिन अतिक्रमण विरोधी अभियान अनिवार्य रूप से चलाया जाए और सतत प्रवर्तन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सड़कों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सके। स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कहा कि सभी नालों की प्रथम चरण की सफाई मई माह के अंत तक हर हाल में पूरी कर ली जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि सभी अधिशासी अधिकारी सप्ताह में एक दिन किसी एक वार्ड में जनचौपाल आयोजित करें और इसकी पूर्व सूचना संबंधित क्षेत्र की जनता को दी जाए, ताकि स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही प्रभावी समाधान किया जा सके। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट तेजस के., डिप्टी कलेक्टर मधुमिता सिंह, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।