नगर पंचायत में गंदगी से बढ़ा मच्छरों का प्रकोप, फॉगिंग पर उठे सवाल
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों गंदगी और मच्छरों की भरमार से लोग खासे परेशान हैं। जगह-जगह जमा कचरा और नालियों में जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे दवा छिड़काव और फॉगिंग अभियान का कोई खास लाभ नहीं मिल रहा है। लोगों का कहना है कि फॉगिंग सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है और कई वार्डों में नियमित रूप से छिड़काव नहीं हो रहा। निवासियों ने यह भी बताया कि नालियों की समय पर सफाई नहीं होने और कूड़ा उठान की व्यवस्था ठीक न होने से हालात और खराब हो रहे हैं। शाम होते ही मच्छरों का प्रकोप इतना बढ़ जाता है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। वहीं, इस संबंध में नगर पंचायत की ईओ संध्या मिश्र से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। एक जिम्मेदार कर्मी ने सफाई देते हुए कहा, “नगर में नियमित रूप से सफाई और मच्छर मार दवा का छिड़काव कराया जा रहा है, अब अगर मच्छर नहीं भाग रहे तो मैं क्या करूं।” लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और प्रभावी तरीके से फॉगिंग व दवा का छिड़काव कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।









