थाने से पेशाब के बहाने फरार हुआ गांजा तस्कर, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

निष्पक्ष जन अवलोकन नूर मोहम्मद मसौली (बाराबंकी)। बीती रात गांजा तस्करी के आरोप में पकड़े गए दो तस्करों में से एक आरोपी रविवार की सुबह थाने से फरार हो गया। पेशाब के बहाने बाहर ले जाते समय उसने संतरी को धक्का देकर भागने में सफलता हासिल कर ली। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सफदरगंज पुलिस ने शनिवार रात कोतवाली नगर क्षेत्र के जीतनगर निवासी ज्ञानू और रमाकांत को गांजा तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया था। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। रविवार सुबह आरोपी ज्ञानू ने पेशाब जाने की बात कही। संतरी पर तैनात होमगार्ड जैसीराम यादव उसे बाहर ले जा रहे थे, तभी अचानक ज्ञानू ने उन्हें धक्का दिया और मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर शौरभ श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन देर शाम तक आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका। थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं दूसरे आरोपी रमाकांत को जेल भेज दिया गया है। इस घटना में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।