तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन। विजय राम जायसवाल।

 फतेहपुर (बाराबंकी) में कुर्सी-इटौंजा मार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार देवा थाना क्षेत्र के गौरिया निवासी पप्पू (50) ढोलक बजाने का काम करते थे। शनिवार को वह अपने साथी लल्लूराम के साथ घु़ंघटेर के बजगहनी में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुर्सी-इटौंजा मार्ग स्थित मदारपुर पुलिया के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे पप्पू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे लल्लूराम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी देवा कृष्णकांत सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर पिकअप वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।