तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से ऑटो क्षतिग्रस्त, मोहम्मद शरीफ गंभीर घायल

तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से ऑटो क्षतिग्रस्त, मोहम्मद शरीफ गंभीर घायल

निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के झांसापुरवा स्थित पेट्रोल पंप के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोहम्मद शरीफ गंभीर रूप से घायल हो गए। वह अपनी बेटी सबिया खातून और 10 माह की नातिन अनिया के साथ सिधौली (सीतापुर) जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, वे पटेल चौराहे से सीएनजी ऑटो में सवार होकर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ऑटो चालक मोहम्मद जैद सहित सभी सवार घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मोहम्मद शरीफ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।