टिकैतनगर क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का खेल उजागर, प्रशासन पर उठे सवाल
निष्पक्ष जन अवलोकन रत्नाकर पाण्डेय टिकैतनगर (बाराबंकी)। थाना टिकैतनगर क्षेत्र के जरमऊ गांव से लगातार मिट्टी के अवैध खनन का मामला सामने आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 90 घन मीटर की अनुमति की आड़ में प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी का कारोबार खुलेआम संचालित किया जा रहा है। हाल ही में सिरौली गौसपुर के नायब तहसीलदार द्वारा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मिट्टी सहित पकड़कर थाना टिकैतनगर में जमा कराया गया था। मौके पर पहुंची टीम ने जब खनन में संलिप्त लोगों से अनुमति और संबंधित अधिकारियों के बारे में पूछताछ की, तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। ग्रामीणों का कहना है कि केवल जरमऊ ही नहीं, बल्कि नियमतगंज, बरिन बाग, सुखीपुर, सारयबरेई समेत आसपास के कई गांवों में बड़े पैमाने पर मिट्टी खनन तेजी से जारी है। आरोप है कि प्रतिदिन सैकड़ों घन मीटर मिट्टी निकालकर विभिन्न स्थानों पर बेची जा रही है। क्षेत्रवासियों के अनुसार खनन विभाग इस पूरे मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि थाना परिसर के रोड के उस पार बने एक कार्यालय से कथित रूप से खनन से जुड़े लेन-देन और रूट तय किए जाते हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस मामले में क्या ठोस कदम उठाते हैं और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगती है।









