टिकैतगंज में ‘मन की बात’ सुनकर वृक्षारोपण का लिया संकल्प
निष्पक्ष जन अवलोकन निंदूरा (बाराबंकी)। क्षेत्र के कस्बा टिकैतगंज स्थित कुंडवा चौराहे पर रविवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता के आवास पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुर्सी विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ सुनी गई। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में लोगों से ‘मां के नाम दो पेड़’ लगाने का आह्वान किया। उन्होंने छायादार व फलदार पौधों के रोपण पर जोर देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने उन्नत खेती अपनाने, सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने तथा सिंचाई के आधुनिक साधनों के प्रयोग पर बल दिया। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा किसानों को बीज पर सब्सिडी सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, जिससे किसान और व्यापारी दोनों वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं। इस अवसर पर विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे ‘मन की बात’ से प्रेरणा लेकर कम से कम दो पौधे अवश्य लगाएं और प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए कार्यों को अपनाकर देश की प्रगति में योगदान दें। कार्यक्रम में रमाकांत बाजपेई, प्रदीप रावत, अमित गुप्ता, वीरेंद्र मौर्य, मुकेश सिंह, रामस्वरूप चौहान, टिंकू गुप्ता, सुनील विश्वकर्मा, श्रीशी रावत, रामप्रकाश गुप्ता, आशीष सोनी सहित बड़ी संख्या में कस्बेवासी उपस्थित रहे।









