जमीन विवाद में वृद्ध किसान पर हमला, न्याय की गुहार
निष्पक्ष जन अवलोकन विजय राम जायसवाल फतेहपुर (बाराबंकी)। कुर्सी थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरी में जमीन विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक वृद्ध किसान पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में किसान घायल हो गया। पीड़ित ने तहसील के समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी व थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित द्विगपाल पुत्र भरोसे, निवासी ग्राम सेमरी, ने बताया कि उसने अपनी पुश्तैनी जमीन पर गेहूं की फसल बोई थी और कटाई के लिए मशीन लगवाई थी। आरोप है कि विपक्षी होलीराम, संजय, दीपक, राजेश, रीतेश और प्रताप अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और मशीन बंद कराकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके पुत्र और पोते के साथ भी मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकियां दी गईं। पीड़ित का कहना है कि आरोपी उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं, जबकि उक्त भूमि को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप यह भी है कि समाधान दिवस में जब उसने उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह से शिकायत की, तो उन्होंने उसकी बात सुनने के बजाय उसे ही फटकारते हुए जमीन खाली करने की चेतावनी दी। 80 वर्षीय वृद्ध किसान ने प्रशासन व पुलिस से निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि उसे न्याय मिल सके।









