छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, एसपी से शिकायत
निष्पक्ष जन अवलोकन रत्नाकर पाण्डेय टिकैतनगर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है। पीड़िता के अनुसार, 9 मार्च 2026 की शाम करीब छह बजे वह बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के पास सुनसान स्थान पर एक बाइक सवार युवक ने उसका पीछा किया और मौका पाकर उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। महिला का आरोप है कि घटना के कुछ दिन बाद, जब वह घर के पास सड़क किनारे शौच के लिए गई थी, तब वही युवक दोबारा पहुंचा और जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोग आते देख आरोपी धमकी देते हुए भाग निकला। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने बाद में फोन पर भी धमकाया और मामला उठाने पर अपहरण कराने तक की धमकी दी। महिला का कहना है कि उसने पहले थाना टिकैतनगर में तहरीर दी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। आहत पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।









