चित्रकूट जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण: नेत्र विशेषज्ञों ने एक दिन में किए 25 सफल ऑपरेशन
निष्पक्ष जन अवलोकन। । शिवसंपत करवरिया। चित्रकूट।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के कुशल मार्गदर्शन में जनपद के आम नागरिकों को सुलभ, उच्च गुणवत्तापूर्ण एवं अत्याधुनिक चिकित्सीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में, संयुक्त जिला चिकित्सालय, चित्रकूट ने नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रमेश कुमार भारती एवं डॉ. अरुण आर्या की टीम द्वारा आज कुल 25 सफल ऑपरेशन संपादित किए गए। इनमें से अधिकांश ऑपरेशन आधुनिक इन्फ्रा ऑक्यूलर लेंस (IOL) पद्धति के माध्यम से किए गए, जबकि एक जटिल ऑपरेशन टेरिजियम का भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चिकित्सालय में नेत्र रोगियों के चिन्हांकन की प्रक्रिया प्रतिदिन गतिमान है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को मोतियाबिंद के ऑपरेशन हेतु विशेष दिवस निर्धारित किए गए हैं। यह उपलब्धि जिला चिकित्सालय में उपलब्ध उन्नत चिकित्सा संसाधनों, विशेषज्ञ चिकित्सकों की कार्यनिष्ठा और सुदृढ़ प्रशासनिक तंत्र के समन्वय का परिणाम है। जिलाधिकारी का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को समयबद्ध, प्रभावी और निशुल्क स्वास्थ्य लाभ प्रदान करना है।