गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश, 4 दिन में होम डिलीवरी अनिवार्य

गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश, 4 दिन में होम डिलीवरी अनिवार्य

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जिला पूर्ति अधिकारी एवं ऑयल कंपनियों के विक्रय प्रबंधकों के साथ बैठक कर जनपद में घरेलू, कॉमर्शियल एवं औद्योगिक उपभोक्ताओं को कुकिंग व व्यावसायिक उपयोग हेतु गैस की सुगम और निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कहा गया कि सभी गैस एजेंसियां शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करें और किसी भी स्थिति में गोदाम या एजेंसी से प्रत्यक्ष वितरण न किया जाए। गैस बुकिंग और डीएसी प्राप्त होने के अधिकतम 4 दिन के भीतर उपभोक्ताओं को गैस रिफिल की होम डिलीवरी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला पूर्ति कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। यदि निर्धारित समय में गैस रिफिल नहीं मिलती है, तो उपभोक्ता कंट्रोल रूम नंबर 05248-297489 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा प्रवासी मजदूर, छात्र और छोटे व्यवसायी बिना आवास प्रमाण पत्र के केवल पहचान पत्र के आधार पर नजदीकी गैस एजेंसी से 5 किलोग्राम का फ्री-ट्रेड एलपीजी सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए उपभोक्ताओं को समयबद्ध, पारदर्शी और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।