खड़े ट्रक से बस और कार की टक्कर, चार यात्री घायल धरसनिया मोड़ पर सुबह हादसा, बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

निष्पक्ष जन अवलोकन विनय सिंह बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र के धरसनिया मोड़ के पास एक खड़े ट्रक से बस और कार की टक्कर हो जाने से चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि बस के अन्य यात्रियों को दूसरी गाड़ी से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनऊ से बाराबंकी शहर की ओर आ रही एक अनुबंधित बस धरसनिया मोड़ के पास पहले से खड़े ट्रक से टकरा गई। बताया जाता है कि घटना के कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रही एक कार भी बस में जा भिड़ी। इस बहु-वाहन टक्कर में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आगे की सीटों पर बैठे चार यात्री घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, कार सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।